कुशीनगर नगरपालिका
अध्यक्ष विनय जायसवाल की अध्यक्षता में आज विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान 2021 कार्यक्रम का आयोजन पडरौना के जलकल भवन मे सम्पन्न हुआ। एक साल में तीन बार आयोजित होने वाले इस अभियान कार्यक्रम का ये दूसरा आयोजन था। कार्यक्रम में इंसेफेलाइटिस, काला ज्वर, डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव व उपचार हेतु उपाय बताए गए।
नपा अध्यक्ष विनय जायसवाल ने बताया कि नगरपालिका जल्द ही गीले व सूखे कचरे के निस्तारण कराने हेतु घर घर डस्टबिन का वितरण कराएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजना के तहत अब सड़कों पर कूड़ा दिखना बंद हो जाएगा। इसके अलावा प्रतिदिन एन्टी लार्वा दवाओं, मेलेथिआन पाउडर, चूना का छिड़काव कराया जा रहा है व नगर के सभी बड़े ड्रेनेज नालों की सफाई भी युद्धस्तर पर चालू है। जिससे बरसात का पानी कहीं ना रुके।
इसके साथ ही कोरोना की सम्भावित तीसरी लहर के प्रति आगाह करते हुए नपाध्यक्ष द्वारा एक बार पुनः सभी को टीकाकरण व मास्क के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई।
बैठक का सम्बोधन एडिशनल सीएमओ डॉ विनय पाण्डेय व डॉ सुरेश गुप्ता द्वारा किया गया। जिसके तहत नालियों की सफाई, कूड़े कचरे का निस्तारण और साफसफाई का ध्यान रखे जाने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर गरपालिका के सभी सफाई कर्मचारियों के साथ सफाई नायक, सफाई निरीक्षक, कर निरीक्षक और यूनिसेफ के अधिकारी, मलेरिया अधिकारी के अलावा सभासद चंदन जायसवाल, लिंकन सिंह, राजकुमार चौरसिया, डेविड, सोनू यादव, रामाश्रय गौतम, करीम, सौरभ सिंह, भीखम प्रसाद के साथ नगरपालिका के अन्य कर्मचारी व अधिकारी तथा सभी वार्ड के सभासद मौजूद रहे।
