कुशीनगर। पडरौना नगर के आवास विकास कॉलोनी के निवासी एक डॉक्टर के मोबाइलफोन पर फोन कर आठ लाख रुपये फिरौती मांगे जाने का मामला प्रकाश में आया है ।डॉक्टर ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की । पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय दंड विधान की धारा 386, 504 ,506 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर मामले की तहकीकात में जुटी हुई है। इस घटना से डॉक्टर का पूरा परिवार डरा व सहमा हुआ है।
गौरतलब है कि उक्त कॉलोनी निवासी डॉक्टर मारकन्डेय जायसवाल हॉस्पिटल रोड स्थित मुस्कान डेंटल क्लिनिक चलाते हैं ।उन्होंने पुलिस को दिए तहरीर में जिक्र किया है कि बुधवार को सुबह लगभग 9:00 बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक अनजान व्यक्ति का फोन आया जो गालियां देते हुए कहा कि ₹800000 तुम हमें दे दो नहीं तो तुम्हे या तुम्हारी पत्नी जो प्राथमिक विद्यालय जंगल बेलवा में तैनात है उसको जान से हाथ धोना पड़ जाएगा। फोन आने के बाद डाक्टर ने इस घटना को अपने परिजनों तथा कुछ रिश्तेदारों से बताया उसके पश्चात कोतवाली थाने पहुंचे और अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की । पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की छानबीन में जुटी हुई है।