भगवन्त यादव संवाददाता
कुशीनगर उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के नवनिर्वाचित सभापति व दर्जा प्राप्त मंत्री संतराज यादव का मंगलवार को कुशीनगर पहुंचने पर स्वागत करने भाजपा कार्यकर्ता उमड़ पड़े। स्वागत से अभिभूत संतराज ने इस मुकाम तक पहुंचने का श्रेय कार्यकर्ताओं के असीम स्नेह व सहयोग को बताते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब सहकारी बैंक की योजनाएं आम किसान के हित को ध्यान में रखकर बनाई जायेंगी। बैंक राष्ट्रीयकृत बैंकों की भांति उप्र के किसानों को केसीसी मुहैया कराने की योजना पर कार्य कर रहा है।
कुशीनगर के विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी के आवास पर स्वागत समारोह को सम्बोधित करते हुए सभापति ने कहा कि आम किसानों को सीधे बैंक से जोड़ा जाएगा।
कृषि ऋण के अलावा उन्हें छोटे व्यवसाय के लिए भी ऋण दिया जाएगा। बैंक किसानों को राष्ट्रीयकृत बैंकों की भांति केसीसी देने पर भी विचार कर रहा है।उन्होंने कहा कि पूर्व में एक परिवार विशेष व क्षेत्र विशेष के लोगों का लम्बे समय तक बैंक प्रबन्धन पर कब्जा रहा, विकासवादी सोच के लोगों को आगे आने से रोका गया। फलतः विकास बैंक का विनाश हो गया। केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार ने बैंक को किसानों का सबसे प्रिय बैंक बनाने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग के किसानों को साढ़े 13 प्रतिशत, पिछड़े वर्ग के किसानों को चार से 6% और अनुसूचित जाति के किसानों को 2 प्रतिशत ब्याज पर बैंक लोन देता है। निचले स्तर पर किसानों से संपर्क और संवाद किया जाएगा। न्याय पंचायत स्तर पर किसान क्लब का गठन किया जाएगा। गांव में चौपाल लगाए जाएंगे और लोगों को बैंक के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
