- क्षेत्र पंचायत परिसीमन में शासनादेश का उल्लंघन करने के दोषी पाए गए हैं एडीओ पंचायत मैनेजर सिंह।
कुशीनगर जनपद में कुछ दिनों पूर्व संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में क्षेत्र पंचायत वार्ड के परिसीमन में गड़बड़ी किए जाने के आरोप में दोषी पाए गए तत्कालीन एडीओ पंचायत पडरौना मैनेजर सिंह के विरुद्ध जांच रिपोर्ट को जिलाधिकारी ने शासन को भेजने की संस्तुति दे दी है।
उक्त प्रकरण में शिकायतकर्ता पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रहसु – खुदरा लाल बीबी देवी के प्रतिनिधि अतुल कुमार भट्ट ने जिलाधिकारी कुशीनगर एस राज लिंगम से एडीओ पंचायत द्वारा किए गए गड़बड़ी के शिकायत की जांच करा कर करवाई करने का अनुरोध किया था। जिसको गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी कुशीनगर को जांच कर कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया था।
गौरतलब है कि उक्त प्रकरण की जाँच जिला विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान ने 1जुलाई को स्थलीय निरीक्षण करते हुए अपनी जांच रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अनुज मलिक को सौंप दिया। अपनी जांच रिपोर्ट में जिला विकास अधिकारी ने शिकायतकर्ता की शिकायत को सत्य पाया था। मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अनुज मलिक द्वारा 8 जुलाई को जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला पंचायत राज अधिकारी को शीघ्र नियमानुसार कार्रवाई करने को निर्देशित किया था, परंतु डीपीआरओ द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने पर शिकायतकर्ता द्वारा उक्त संदर्भ को एक बार पुनः जिला अधिकारी कुशीनगर के समक्ष रखा गया।
डीएम कुशीनगर द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्कालीन एडीओ पंचायत के खिलाफ इस जांच रिपोर्ट को शासन को भेजने की संस्तुति कर दी गई।उन्होंने ने मुख्य विकास अधिकारी कुशीनगर को उक्त जांच रिपोर्ट को शासन को भेजने के लिए निर्देशित किया हैं।
