जनपद में सावन के अंतिम सोमवार पर शिव मंदिरो मे लगा भक्तों का तांता

Shareयदुवंशी टाइम्स न्यूज़ नेटवर्क कुशीनगर सावन के चौथे व अतिंम सोमवार को जनपद के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित शिवालय हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने...

यदुवंशी टाइम्स न्यूज़ नेटवर्क

कुशीनगर सावन के चौथे व अतिंम सोमवार को जनपद के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित शिवालय हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा व भक्तिभाव से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर आस्था के सागर में डुबकी लगाई। इस दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सुबह से ही सभी शिव मंदिरों में लंबी कतार लग गई। इनमें महिलाओं की संख्या अधिक रही। प्रसिद्ध कुबेरस्थान धाम पर लगभग एक किलोमीटर तक लंबी कतार में खड़े श्रद्धालु धूप और गर्मी के बीच भक्ति भाव से ओतप्रोत हर-हर, बम-बम का जयकारा करते रहे।

शिवभक्त फल, बेलपत्र, भांग, धतूर, मदार के फूल साथ अन्य पूजन सामग्री से भूत भावन भगवान भोलेनाथ का पूजन अर्चन करते हुए मन्नतें मांगे। शिव पुराण के अनुसार माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर साधना इसी श्रावण मास में की थी। भगवान शिव ने मनोकामना पूर्ण करते हुए उनसे विवाह किया। इसी कारण भगवान शिव को श्रावण मास अतिप्रिय है। भगवान कुबेर के नाम पर जनपद के प्राचीन कुबेरस्थान शिवमंदिर में भी ब्रह्ममुहुर्त में दर्शन-पूजन के लिए कपाट खुल गया। कतारबद्ध श्रद्धालुओं ने एक-एक कर भगवान महा मृत्युंजय का जलाभिषेक किया। हर हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजता रहा। यहां पुरुष एवं महिला श्रद्धालुओं की अलग-अलग कतार लगी थी। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कराकर मंदिर के गर्भगृह में जलाभिषेक करा रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकसी रही। पीएससी की बटालियन, फायर ब्रिगेड टीम मंदिर व आसपास जुटी रही। मंदिर के महंत राजकुमार गिरी स्वयं गर्भगृह की व्यवस्था संभाले हुए थे। सिधुआं बाबा स्थान पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ बता रही थी कि श्रद्धा भाव के आगे धूप की तपिश हार गई है। बूढ़े, बच्चे व नौजवान सभी समान भाव से कतार में खड़े बाबा का दर्शन करने के लिए इंतजार करते रहे। सुबह से शुरू हआ यह क्रम देर शाम तक चलता रहा।

जनपद के इन मंदिरों मे पहुचे शिवभक्त
पडरौना नगर के छावनी स्थित भन्नुनाथ शिवमंदिर, महादेव मंदिर, सिद्धनाथ शिवमंदिर, लखरांव स्थित शिवमंदिर, बुढ़िया माई मंदिर परिसर स्थित शिवमंदिर, खिरकिया माई मंदिर परिसर स्थित शिवमंदिर, करहिया शिवमंदिर,अहिरौली बुजुर्ग शिव मंदिर, मटिहानिया बुजुर्ग शिव मंदिर, रामपुर शिवमंदिर, जोकवा बाजार,मधुरिया,धौरहरा, धुनवलिया, कृपापट्टी, रहसू बाजार नदवा विशुनपुर आदि के अलावा कसया, सेवरही, तमकुही, तुर्कपट्टी, हाटा, मथौली, सुकरौली आदि क्षेत्रों के शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मंदिरों पर मेले जैसा माहौल रहा। धुनवलिया में श्रद्धालुओं ने कुकुत्था नदी से जल भर कर लगभग दो किलोमीटर की दूरी तय कर हर हर महादेव के जयकारा के साथ जलाभिषेक किया। इसी तरह रामकोला-कसया मार्ग पर स्थित अमवाधाम शिवमंदिर में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कड़ी सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना की। रामकोला के धर्मसमधा मंदिर परिसर स्थित महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही। पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने मन्नतें मांगी और पूरा होने पर पुन: दर्शन के लिए आने का संकल्प लिया। यहां दिन भर श्रद्धालुओं के आने-जाने का सिलसिला लगा रहा। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस तैनात रही।

Categories
तजा खबरें
No Comment

Leave a Reply

*

*

October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  

RELATED BY