कुशीनगर । जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ0 अनिल कुमार सिंह की अध्यक्षता में सामान्य लोक सभा निर्वाचन 2019 को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु आज दिन सोमवार को एक आवश्यक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न की गई।
इस दौरान डॉ0 सिंह ने समस्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने कार्यों से संबंधित आयोग द्वारा प्राप्त निर्देशों को भलीभांति अध्ययन कर लेने के साथ ही अपने अपने क्षेत्र का निरंतर भ्रमण कर बूथों की सभी व्यवस्थाये सुनिश्चित कर लेने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य मे अधिकारी गण अपने अपने विभाग से संबंधित कार्यों का सम्पादन सक्रियता से पूर्ण करें । निर्वाचन संबंधित कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नही होगी ।
जिलाधिकारी ने कहा कि यूपी बोर्ड की संचालित होने वाली नकल विहीन परीक्षा व्यवस्था के संबंध में भी सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट को आवश्यक दिशा निर्देश देने के साथ ही कहा कि अधिकारी यदि किसी केंद्र पर नकल करते कोई पकड़ा जाता है तो अधिकारी तुरंत एफआईआर दर्ज कराए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी परीक्षा केंद्र पर नकल से संबंधित मामला संज्ञान में आता है तो सम्बंधित सेक्टर ,जोनल व केंद्र व्यवस्थापक और कक्ष निरीक्षक की जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामसूरत पांडेय, अपर जिलाधिकारी कृष्णलाल तिवारी, उप जिलाधिकारी पडरौना गुलाब चंद, मनोज कुमार तिवारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 हरिचरण सिंह, जिला विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, उप निदेशक कृषि अरुण कुमार चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक , जिला वेसिक शिक्षा अधिकारी सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी गण उपस्थित रहे ।
