◆एडीजी के निर्देश पर हुई छापेमारी की कार्रवाई, एक ट्रक व चार पीकप से 818 बोरी बरामद मटर जब्त
यदुवंशी टाइम्स न्यूज़ नेटवर्क
कुशीनगर एडीजी के निर्देश पर एडीएम व एएसपी ने कई थाने की फोर्स के साथ बीती रात जिले के खड्डा थाना क्षेत्र के लखुआ गांव व खड्डा कस्बे में छापामारी ट्रक व पीकप से 818 बोरी विदेशी मटर बरामद किया। कुछ बोरियों पर कनाडा लिखा हुआ था। नेपाल से तस्करी करके मटर लाए जाने की चर्चा है। खाद्य एवं औषधि विभाग ने सैंपल लेकर उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट कर दिया है वही वाणिज्य कर के अधिकारी भी मौके पर पहुंच छानबीन कर आगे की कार्रवाई की तैयारी मे जुटे है।
गौरतलब है कि बीती रात एडीएम विंध्यवासिनी राय व एएसपी अयोध्या प्रसाद सिंह कोतवाली पडरौना, नेबुआ नौरगिया सहित विभिन्न थानों की पुलिसफोर्स के साथ आधी रात को खड्डा थाने के लखुआ ग्राम के हसनू टोला में छापेमारी की। इस दौरान एक ट्रक व चार पिकअप को कब्जे में लेकर तलाशी ली तो उसमें बोरे में भरकर मटर लोड मिली। गोदाम स्वामी व वाहन चालकों को हिरासत में लेकर थाने को सौंप दिया गया। इसके बाद नगर पंचायत के भारतीय स्टेट बैंक तिराहे के पास एक गल्ला आढ़तिया की दुकान से भी 123 बोरी मटर बरामद की गई। यहा भी आढ़तिये को हिरासत में ले लिया गया। बरामद कुछ बोरियों पर कनाडा लिखा है, जबकि कुछ बोरियों पर कुछ भी नहीं लिखा है। बोरियों का वजन 20 व 25 किलोग्राम है। इस धंधे के पीछे महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र के सबया निवासी एक गल्ला व्यवसायी का हाथ बताया जा रहा है। दुसरे दिन एडीएम के आदेश पर अभिहीत अधिकारी मानिक चंद सिंह अपनी टीम के साथ थाने पहुंचे व मटर का नमूना एकत्र किया। इसे झांसी प्रयोगशाला भेजकर गुणवत्ता की रिपोर्ट ली जाएगी। तब तक के लिए मटर को एक गोदाम में रखकर सील कर दी गयी है। वाणिज्य कर अधिकारी रविंद्र सिंह एवं सहायक वाणिज्य कर अधिकारी बालक राम ओझा, भारत चंद्र गुप्ता भी मौके पर पहुंचे व मामले की छानबीन कर रहे हैं।
अभिहीत अधिकारी ने बताया कि मटर का सैंपल एकत्र कर गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने तक मटर जब्त रहेगी। सहायक वाणिज्य कर अधिकारी बालकराम ओझा ने बताया कि बरामद मटर के बाबत छानबीन की जा रही है, जबकि खड्डा थाने के एसओ रामकृष्ण यादव का कहना है कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर संबंधित विभाग कार्रवाई कर रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
